नीमच। मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना का लाभ सभी पात्र किसानों को मिलेगा इसके लिए सभी पात्र किसानों के फॉर्म भरवाए जाएं। कोई भी किसान ब्याज माफी के लाभ से वंचित ना रहे। यह बात प्रदेश के एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने जावद क्षेत्र के झांतला एवं ताल शहनातलाई की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के शिविर में किसानों के ब्याज माफी के फार्म भरवाने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, गोपाल धाकड़, ओकारलाल धाकड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित थे।
इस अवसर पर मंत्री सखलेचा ने कहा कि सरकार जो कहती है, वह करती है। पिछले 20 सालों में किसान, मजदूर, विद्यार्थी बहन, बेटियों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। प्रदेश एवं क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछ गया है। पर्याप्त मात्रा में बिजली मिल रही है, किसान खुशहाल और समृद्ध हुआ है। उन्होंने कहा, कि मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के तहत झांतला सोसाइटी के 384 किसानों को 19 लाख रुपए से अधिक की ब्याज माफी का लाभ मिलेगा। जावद क्षेत्र के 6 हजार 600 से अधिक किसानों को 24 करोड़ रूपये से अधिक की राशि की ब्याज माफी का लाभ मिल रहा है।
एमएसएमई मंत्री सखलेचा ने ताल में आयोजित मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी शिविर की सूचना किसानों को नहीं देने पर समिति प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा किसेवा सहकारी समिति ताल के 496 किसानों को एक करोड़ सात लाख 44 हजार 604 रुपए की राशि की ब्याज माफी का लाभ मिलेगा। मंत्री सखलेचा ने कहा कि ताल सोसाइटी के सभी पात्र किसानों से संपर्क कर तीन दिवस में सभी के फार्म भरवाए जाएं कोई भी इस योजना के लाभ से वंचित ना रहे।
एमएसएमई मंत्री सखलेचा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों की पीड़ा को समझा और उन्हें डिफाल्टर होने से बचाने के लिए मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना का लाभ दिलाया है। इसका लाभ लेकर किसान भाई पुनः बैंक से खाद, बीज व फसल के लिए ऋण प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम को विक्रम सोनी ने भी संबोधित किया।
जिला केंद्रीय सहकारी बैंक नीमच के क्षेत्रीय प्रबंधक आरपी नागदा ने मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना की जानकारी देते हुए बताया, कि इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को अपना आवेदन पत्र भरकर प्रस्तुत करना होगा। आवेदन करने वाले सभी किसानों को ब्याज माफी का लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी किसानों से अपने आवेदन पत्र सोसायटियों में प्रस्तुत करने का आग्रह किया है। प्रारंभ में मंत्री सखलेचा ने दीप प्रज्वलित कर, शिविर का शुभारंभ किया तथा किसान मदनलाल को 26 हजार 150 एवं प्रेमचंद को 14 हजार 48 रुपए की ब्याज माफी के लिए अपने हाथों से फॉर्म भी भरवाया।
मंत्री सखलेचा ने निर्देश दिए, कि संबंधित समिति प्रबंधक व्यक्तिगत रुचि लेकर सभी पात्र किसानों से संपर्क करें और उनके फार्म अनिवार्य रूप से 3 दिन में भरवाए कोई भी पात्र व्यक्ति फार्म भरने से वंचित ना रहे। इस अवसर पर त्रिस्तरीय पंचायतों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में किसानभाई उपस्थित थे।
--
वॉइस ऑफ़ एमपी की मुहीम- बेज़ुबान पक्षियों के लिए दान करें सकोरे या फिर अपने मकान की छत पर रखे सकोरे, भीषण गर्मी में सुने इनकी फ़रियाद।