नीमच। नगर पालिका परिषद की विशेष पीआईसी (प्रेसिडेंट इन काउंसिल) बैठक में शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए 22 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन मरम्मत एवं सुधार कार्य को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। बैठक नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा की अध्यक्षता तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दुर्गा बामनिया की उपस्थिति में आयोजित हुई।
बैठक में शहर में बेहतर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पाइपलाइन सुधार संबंधी प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी सभापतियों ने सर्वसम्मति से स्वीकृत किया। स्वीकृति के बाद जल्द ही कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि जलकल विभाग की पाइपलाइन मरम्मत के लिए विशेष निधि से 22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पेयजल व्यवस्था शहर की मूलभूत आवश्यकता है और इसे बेहतर बनाए रखना परिषद की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि जल शोधन संयंत्र में लगा फिल्टर मीडिया लगभग 15 से 20 वर्ष पुराना हो चुका था, जिसके कारण गंदे पानी की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। वर्तमान में फिल्टर मीडिया बदलने का कार्य जारी है। कार्य पूर्ण होने के बाद आने वाले वर्षों में नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
बैठक में बिजली कटौती के कारण पेयजल टंकियां समय पर नहीं भर पाने की समस्या पर भी चर्चा की गई। अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि जलापूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए प्रमुख टंकियों पर जनरेटर लगाए जाएं। इस प्रस्ताव को सभापतियों का समर्थन मिला और आगामी परिषद बैठक में इस पर निर्णय लिए जाने की संभावना है।
नगर पालिका का मानना है कि जनरेटर की व्यवस्था होने से बिजली बाधित होने की स्थिति में भी टंकियां समय पर भर सकेंगी और नागरिकों को नियमित पेयजल आपूर्ति मिलती रहेगी।