चित्तौड़गढ़। आधार सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार तथा भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के नवीनतम दिशा-निर्देशों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्तमान में कार्यरत आधार ऑपरेटरों एवं सुपरवाइजरों के लिए पुनः प्रशिक्षण (रिफ्रेशर ट्रेनिंग) कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण का उद्देश्य आधार नामांकन एवं अद्यतन प्रक्रिया में होने वाली त्रुटियों को कम करना तथा नागरिकों को अधिक बेहतर और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आधार नामांकन, जनसांख्यिकीय एवं बायोमेट्रिक अपडेट, दस्तावेज सत्यापन, अपवाद (एक्सेप्शन) प्रबंधन, डेटा सुरक्षा, शिकायत निवारण तथा UIDAI द्वारा जारी नवीनतम मानकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
आधार प्राधिकरण, नई दिल्ली के विशेषज्ञ प्रशिक्षक एल. प्रशांत तथा सूचना एवं संचार विभाग के उपनिदेशक प्रवीण जैन एवं प्रोग्रामर रेखा बुकन द्वारा आधार सेवाओं के संचालन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और उनके समाधान पर भी मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण में सेवा गुणवत्ता, समयबद्धता और नागरिक संतुष्टि बढ़ाने के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि UIDAI के निर्देशानुसार सभी आधार ऑपरेटरों एवं सुपरवाइजरों के लिए समय-समय पर ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेना आवश्यक है, ताकि आधार सेवाओं का संचालन अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया जा सके।