चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कनेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के आरोपी प्रकाश बंजारा की अवैध रूप से अर्जित 14 लाख 40 हजार रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्ति को फ्रीज कराया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एएसपी मुकुल शर्मा के निर्देशन तथा डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में कनेरा थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
जांच में पाया गया कि प्रकाश पुत्र रामलाल बंजारा, निवासी गुंदारेल थाना कनेरा, के विरुद्ध पुलिस थाना सदर नसीराबाद (अजमेर), कनेरा तथा विजयपुर में एनडीपीएस एक्ट के कई प्रकरण दर्ज हैं। जांच के दौरान आरोपी द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित धन से निर्मित संपत्ति का पता चला।
पुलिस ने आरोपी द्वारा पटवार हल्का निम्बोदा की चारागाह भूमि पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मकान को फ्रीज कराने का प्रस्ताव 11 मई 2026 को कम्पिटेंट अथॉरिटी एंड एडमिनिस्ट्रेटर, SAFEM (FOP)A एवं NDPS Act, नई दिल्ली को भेजा था। सुनवाई के बाद प्राधिकरण द्वारा मकान को स्थायी रूप से फ्रीज करने का अनुमोदन आदेश जारी किया गया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के आलीशान मकान को फ्रीज कर दिया। फ्रीज की गई संपत्ति का अनुमानित मूल्य 14 लाख 40 हजार रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
थानाधिकारी महेन्द्र सिंह, एएसआई बालमुकुंद तथा अनिल, सुरेश, मंचाराम, अबरार और गोकुल की टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम अथवा नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।