नीमच। कैंट पुलिस ने एसपी अमित तोलानी के निर्देशन में मात्र 7 दिनों पूर्व नीमच बस स्टैंड से चोरी गए 5 लाख रूपए के सोने के आभूषण की घटना का पर्दाफाश करने में सफलता अर्जित की है। उत्तरप्रदेश के रहने वाले 5 आरोपियों को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया गया है।
इस संबंध में कैंट थाने पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एडिशनल एसपी सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि 6 मई को फरियादीया अपने पियर नारायणगढ़ में शादी के कार्यक्रम में शामिल होकर नीमच बस स्टैंड से बस में बैठकर निम्बाहेड़ा जा रही थी। फरियादिया ने अपना बैग पास वाली खाली सीट पर रखा था। उसी समय तीन अज्ञात व्यक्ति बस में चढ़े व बेग में रखे सोने के आभूषण चुरा कर ले गए। जिसकी रिपोर्ट पर नीमच कैंट पुलिस ने विवेचना शुरू की। मुखबिर की सूचना, तकनीकी साक्ष्य और टावर लोकेशन के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एडिशनल एसपी कनेश ने बताया कि आरोपी चार पांच के ग्रुप में अलग-अलग फेरी लगाने का काम करके रैकी करते हैं, और शादी वगैरह में जाने वाली महिलाओं पर निगाह रखते हैं। सामूहिक रूप से इनके नेटवर्क और सेटअप के आधार पर घटना को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं इन पांचों आरोपियों के पास से चोरी का लगभग सारा मशरूका बरामद कर लिया गया है।पुलिस इनके क्राइम रिकॉर्ड को खंगाल कर इस बात की भी जांच कर रही है कि इसमें कोई स्थानीय व्यक्ति तो शामिल नहीं है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम केहरी सिंह पिता कुंवर पाल सिंह सिसोदिया, राकेश पिता बन्नी सिंह सिसोदिया, शशि कपूर पिता राजेंद्र सिंह सिसोदिया, पुष्पेंद्र कुमार पिता श्रीराम सिसोदिया और धर्मेंद्र पिता राजपाल सिंह सिसोदिया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के हैं।
सुंदर सिंह कनेश ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में टीआई योगेंद्र सिंह सिसोदिया, उप निरीक्षक शिशुपाल सिंह गौर, सहायक उपनिरीक्षक कैलाश कुमरे, प्रधान आरक्षक राजेश शर्मा, आरक्षक आदित्य गौड़, शिवपाल सिंह, लक्की शुक्ला, कुलदीप सिंह, गणेश मालेचा, मन्नू जाट और मोहिद नूर की सराहनीय भूमिका रही।