नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रदेश चुनाव प्रभारी और अश्विनी वैष्णव को सह-चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। ये नेता विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश बीजेपी को मजबूत करने का काम करेंगे। शुक्रवार को यादव और वैष्णव की नियुक्ति के आदेश राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने जारी किए हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, छत्तीसगढ़ व तेलंगाना के प्रदेश चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी की भी नियुक्ति की है।
इसी तरह छत्तीसगढ़ का चुनाव प्रभारी पूर्व सांसद ओम प्रकाश माथुर को बनाया गया है। उनके साथ केंद्रीय मंत्री डॉ मनसुख मंडाविया को सह-चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं राजस्थान में केंद्रीय काेयला मंत्री प्रहलाद जोशी को प्रदेश चुनाव प्रभारी और गुजरात के पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और हरियाणा के कुलदीप बिश्नोई को सह-चुनाव प्रभारी बनाया है। तेलंगाना में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को प्रदेश चुनाव प्रभारी और बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल को सह-चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।