भोपाल : देशभर में बाल संरक्षण, बाल सुरक्षा और बाल कल्याण पर 7 क्षेत्रीय संगोष्ठियों का आयोजन हो रहा है। इनमें से एक मध्य भारतीय राज्यों की संगोष्ठी भोपाल में रविवार को होगी। 'वत्सल भारत' कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्री स्मृति ईरानी भी शामिल होंगी। वहीं, मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के दो हजार से ज्यादा प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम रविंद्र भवन में रविवार को होगा। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री ईरानी रहेंगे, जबकि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री डॉ. मुंजपरा महेंद्र भाई, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार के सचिव इंदीवर पांडेय, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर शनिवार को आयोग के अध्यक्ष कानूनगो ने जानकारी दी। मध्यप्रदेश बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष द्रविंद्र मोरे भी मौजूद थे।
इस विषय पर होगी संगोष्ठी
संगोष्ठी में मुख्यत: बच्चों के हितों को सर्वोपरि रखने वाले समाज के निर्माण के लिए भारत सरकार द्वारा बीते वर्षों में बनाई गई नीतियों, कार्यक्रमों एवं नवाचारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
देशभर में सात संगोष्ठी
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार देशभर में कुल 7 क्षेत्रीय संगोष्ठी आयोजित कर रहा है। उत्तर भारतीय राज्यों की संगोष्ठी दिल्ली में 2 जुलाई को हो चुकी है। भोपाल में रविवार को होने वाली संगोष्ठी मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लिए होगी।
ये होंगे शामिल
रवींद्र भवन में होने जा रहे इस कार्यक्रम में मप्र, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के बाल अधिकार आयोगों के अध्यक्ष और सदस्यों के अलावा तीनों राज्यों के सभी जिलों की बाल कल्याण समिति, जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड, जिला बाल विकास अधिकारी समेत एक्टिविस्ट भी शामिल होंगे। सिम्पोजियम में तीनों राज्यों में बच्चों की समस्याओं और उनके समाधान के लिए उठाए कदमों पर चर्चा के साथ अधिकारी और एक्टिविस्ट अपने अनुभव साझा करेंगे।