नीमच। मालवा के विधानसभा क्षेत्र नीमच में इन दिनों सोशल मीडिया पर कुछ फोटो तेजी से वायरल हो रहे हैं। यह फोटो नीमच की राजनीतिक पार्टियों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वहीं देश की राजधानी दिल्ली व प्रदेश की राजधानी भोपाल तक इन तस्वीरों के पहुंचने से भाजपा में भी गदर देखने को मिल रहा है। इन तस्वीरों के वायरल होते ही कांग्रेस पार्टी ने भी हल्ला बोल दिया है। साथ ही उच्च स्तरीय जांच की मांग भी कर दी है।
जी हां हम बात कर रहे हैं नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार की। विधायक जी के कुछ फोटो कुख्यात तस्कर कमण राणा के सहयोगी हस्तीमल सुथार के साथ के तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन फोटो के सामने आते ही कांग्रेस पार्टी ने भी हल्ला बोल दिया है। वहीं भाजपा में भी अंदरखाने इस फोटो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो विधायक परिहार के साथ कुख्यात तस्कर के सहयोगी हस्तीमल के यह फोटो नीमच से दिल्ली तक पहुंच गए हैं। राजधानी भोपाल में बैठे भाजपा के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य दिग्गज नेताओं व आरआरएस के दफ्तर तक भी इन फोटो के पहुंचने की बात सामने आ रही है।
कांग्रेसियों ने उठाई संपत्ति की जांच की मांग-
मुख्यमंत्री शिवराज के चहेते मानें जाने वाले विधायक दिलीप सिंह परिहार विधानसभा चुनाव के पहले ही सुर्खियों में आ चुके हैं। कुख्यात तस्कर कमल राणा की गिरफ्तारी के बाद से ही उसके सहयोगी हस्तीमल सुथार के साथ इनका एक फोटो वायरल हुआ है। इस फोटो के सामने आते ही कांग्रेस ने हल्ला बोलते ही विधायक परिहार की संपत्ति की जांच की मांग उठाई है। कांग्रेस के कमल मित्तल, राकेश अहीर, मधु बंसल, मुकेश कालरा सहित अन्य पदाधिकारियों का कहना है कि शिवराज सरकार में तस्करों के हौंसलें बुलंद हुए है। अवैध गतिविधियों में लिप्त ऐसे लोगों को भाजपा का संरक्षण मिलता है। विधायक का वायरल फोटो इस बात पर मुहर लगाता दिख रहा है।
प्रदेश की राजधानी भोपाल व आरएसएस के दफ्तर तक पहुंचे फोटो-
विधायक दिलीप सिंह परिहार के यह फोटो प्रदेश की राजधानी भोपाल व आरएसएस के दफ्तर केशव निदाम तक भी पहुंच गए हैं। राजनीतिक जानकरों की मानें तो पार्टी के ही लोगों ने इन फोटो को वायरल किया है। नीमच से लेकर दिल्ली व भोपाल तक इन फोटो को पहुंचाने का काम भी पार्टी के ही लोग कर रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी में मचा गदर-
प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं के फोटो व वीडियो वायरल होने से पार्टी में भी गदर मचा हुआ है। अभी हाल ही में हुए एमपी में सीधी कांड के बाद अब नीमच में विधायक के फोटो वायरल होने से सत्ता में काबिज शिवराज की भाजपा सरकार को एक और झटका लगा है। इन फोटो को लेकर भाजपा के उच्च पदाधिकारी चिंतित दिखाई दे रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भी पार्टी पदाधिकारी बड़ा निर्णय ले सकते हैं।
भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी लिस्ट-
राजनीतिक जानकारें की मानें तो भारतीय जनता पार्टी में विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की लंबी लिस्ट है। यहीं कारण है कि विधायक के फोटो तेजी के साथ वायरल हुए और नीमच से दिल्ली व भोपाल तक पहुंचे। भाजपा से जुड़े लोग और विधायक के टिकट की लालसा लिए पदाधिकारी ही इन फोटो को उच्च पदाधिकारियों तक पहुंचा रहे हैं।