झाबुआ। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ लखनलाल गर्ग के मार्गदर्शन में पंच-ज अभियान के अंतर्गत 15 जुलाई से 15 अगस्त तक प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जा रहा है।
अभियान की कड़ी में जिला जेल झबुआ में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट झाबुआ गौतम सिंह मरकाम की अध्यक्षता एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी साक्षी मसीह की उपस्थिति में महिला एवं पुरुष बंदियों हेतु विधिक साक्षरता शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौतम सिंह मरकाम ने कहा कि बंदी भी एक नागरिक है और उन्हें भी संविधान के तहत सभी अधिकार प्राप्त है हालांकि जेल में बंद होने के कारण वे कुछ अधिकारों का प्रयोग करने में असमर्थ हो सकते हैं इस शिविर का उद्देश्य बंदियों को उनके अधिकारों के बारे में जानकारी देना और उन्हें यह बताना है कि वे अपने अधिकारों का कैसे प्रयोग कर सकते हैं कुछ महत्वपूर्ण अधिकार जो बंदियों के पास हैं, उनमें शामिल हैं जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता का अधिकार, अत्याचार और अन्य क्रूर, अमानवीय या अपमानजनक व्यवहार से मुक्ति का अधिकार, सम्मानजनक व्यवहार का अधिकार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकार शिकायत करने का अधिकार कानूनी सहायता प्राप्त करने का अधिकार आदि।
अगर बंदी को ऐसा लगता है कि उसके अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है, तो वह जेल प्रशासन को शिकायत कर सकता है अगर जेल प्रशासन शिकायत का निपटारा नहीं करता है, तो बंदी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित शिविर में हम लोगों को बता सकता हैं। शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी साक्षी मसीह ने प्लीबागेनिंग, गिरफ्तारी का अधिकार विधिक सहायता एवं सलाह योजना, पैरवी हेतु निःशुल्क अधिवक्ता आदि विषयों की विस्तार से जानकारी दी।
शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम से अधिवक्ता शिवम वर्मा एवं विश्वास शाह ने लीगल एड डिफेंस योजना से संबंधित जानकारी प्रदान की शिविर पश्चात् महिला बैरक एवं अन्य सभी बैरक में बंदियों से जानकारी प्राप्त की एवं उनसे अपने-अपने प्रकरणों की जानकारी ली। तद्पश्चात् पंच-ज अंतर्गत न्यायाधीशगणों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे सोपित किये। इस शिविर का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी सागर अग्रवाल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जेल अधीक्षक दुष्यंत पगारे, उप अधीक्षक राजेश विश्वकर्मा एवं अन्य स्टॉफ उपस्थित रहे।