नीमच। जिले में इस बार रूक-रूककर बारिश का दौर चल रहा है। जिले में चालू वर्षाकाल में अब तक करीब 14 इंच बरसात रिकॉर्ड की जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में जिले में कोई बारिश दर्ज नहीं हुई। आज शुक्रवार को भी आसमान में कुछ-कुछ अंतराल में बादलों की जमावट देखी जा रही है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि बंगाल की खाड़ी, नॉर्थ आंध्रप्रदेश, साउथ ओडिशा पोस्ट पर सिस्टम एक्टिव है। जिसका असर मध्यप्रदेश में देखने को मिल रहा है। इसके अलावा, साउथ छत्तीसगढ़ में साइकोनिक सर्कुलेशन है। एक मानसून ट्रफ लाइन कोटा, रायसेन, सिवनी, रायपुर, ओडिशा होते हुए गुजर रही है। वहीं, पूर्वी-पश्चिमी हवाएं भी आपस में मिल रही है। इस कारण दक्षिण मध्यप्रदेश से लगे इलाकों में इसका असर है। इन सभी सिस्टम की वजह से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है।
आगामी 24 घंटों में इन जिलों में होगी झमाझम-
मौसम विभाग ने नर्मदापुरम, बैतूल और रतलाम में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिरने का अनुमान है। वहीं सीहोर, हरदा, उज्जैन, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, खंडवा, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर और बालाघाट में बिजली की गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, गुना, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश का दौर रहेगा।