नीमच। शहर में बीती रात झमाझम बारिश हुई। रात करीब 9 बजे शुरू हुई यह बारिश करीब एक घंटे तक जारी रही। इससे रात्रि में मौसम ठंडा हो गया। आज रविवार को भी आसमान में कुछ-कुछ अंतराल में बादलों की जमावट देखी जा रही है। लेकिन सूरज के तीखे तेवरों की वजह से एक बार फिर नागरिकों को तेज गर्मी व उमस का सामना करना पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग ने आज फिर एमपी के कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि आज रविवार को इंदौर समेत 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन में हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश में बारिश कराने वाले चार सिस्टम एक्टिव हैं। इस वजह से आने वाले दिनों में बारिश जारी रहेगी। अभी साइक्लोनिक सर्कुलेशन यानी चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है। पूर्वी और पश्चिमी हवाएं दक्षिण मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में मिल रही हैं। मानसून ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। इससे बारिश का दौर चल रहा है। प्रदेश में मानसून की एक्टिविटी 30 सितंबर तक रहेगी।
मध्यप्रदेश में मानसून की एंट्री के एक महीने में ही सीजन की कुल औसत की 42 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। यहां बारिश के सीजन में सामान्यतः 949 मिमी यानी 37.36 इंच बारिश होती है। इसमें से अब तक एवरेज 15.64 बारिश हो चुकी है। प्रदेश के 14 जिले ऐसे हैं, जहां 50 प्रतिशत से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। इंदौर, बुरहानपुर और सिवनी में तो यह आंकड़ा 65 प्रतिशत तक पहुंच चुका है।
आगामी 24 घंटे इन जिलों में होगी बारिश-
मौसम विभाग ने एमपी के नर्मदापुरम, बैतूल, गुना और नरसिंहपुर में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं सीहोर, हरदा, इंदौर, रतलाम, मंदसौर और छिंदवाड़ा में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना जताई है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, नीमच, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश की संभावना है।