नीमच। जिल में रूक-रूककर बारिश का दौर चल रहा है। लेकिन प्रदेश के अन्य हिस्सों में हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। इस वर्ष नीमच जिले में अब तक 19.2 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग ने आज भी एमपी के कई जिलों में भारी व कई जिलों में हल्की बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं राजस्थान में हो रही जोरदार बरसात से चंबल नदी का जल स्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने चंबल किनारे बसे कई गांवों को खाली कराने के आदेश जारी कर दिए हैं।
मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि ट्रफ लाइन हिमालय की तरफ शिफ्ट हो गई है। कम दबाव का एरिया बना हुआ है। इन दोनों के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हल्का असर रहेगा। कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। एमपी में 8 अगस्त के बाद तेज बारिश का दौर फिर से शुरू होगा। अभी दो सिस्टम पूर्वी हिस्से में बारिश करा रहे हैं। नमी की वजह से लोकल सिस्टम से भी हल्की बारिश हो सकती है। एमपी के रीवा, सतना सहित 12 जिलों में आगामी 24 घंटे के लिए तेज बारिश का अलर्ट है।
मध्यप्रदेश के इन जिलों के लिए जारी की चेतावनी-
मौसम विभाग ने एमपी के सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी में मौसम साफ रहेगा। कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है।