नीमच। नशामुक्त भारत सप्ताह (17 से 26 जून 2026) के तहत जिले में चलाए जा रहे विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा बस चालकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बड़गुर्जर एवं उनकी टीम द्वारा बस स्टैंड पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी बस चालकों को किसी भी प्रकार का नशा न करने तथा यात्री सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने संबंधी समझाइश दी गई।
अभियान के तहत बस स्टैंड पर आने-जाने वाली बसों के चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। जांच के दौरान राजहंस बस क्रमांक डीडी 01 जे 9995 का चालक शराब के नशे में बस चलाते हुए पाया गया। उसके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया। संबंधित चालक के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन पर अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए कुल 49 चालान बनाए गए तथा 22,400 रुपये की समन शुल्क राशि वसूल की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में संचालित यात्री बसों की लगातार जांच की जा रही है तथा यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
यातायात पुलिस की अपील-
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म न लगाएं। साथ ही अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी प्रकार का वाहन चलाने के लिए न दें।