नीमच। शहर के बघाना क्षेत्र स्थित पाटीदार मोहल्ले के आगे रहने वाले रहवासी पिछले 18 दिनों से पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खुदाई तो कर दी गई, लेकिन कार्य प्रारंभ करने से पहले न तो किसी प्रकार की सूचना दी गई और न ही वैकल्पिक जल व्यवस्था की गई।
रहवासियों के अनुसार सड़क खुदाई के बाद से क्षेत्र की नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। स्थिति यह है कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ गया है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि पाइपलाइन का कार्य शीघ्र पूर्ण कर नियमित जलापूर्ति बहाल की जाए तथा खुदाई की गई सड़क की मरम्मत भी जल्द कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
जलकार्य सभापति का पक्ष-
मामले में जलकार्य सभापति छाया जायसवाल ने बताया कि उन्हें इस समस्या की जानकारी आज ही प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आज पानी की आपूर्ति करवा दी गई है तथा आगामी निर्धारित दिवस पर भी नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा आमजन को जो परेशानी हुई है, उसका मुझे खेद है। हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाए और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।