शाजापुर। आगामी मोहर्रम पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना एवं पुलिस के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस द्वारा शुक्रवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में संपन्न हुआ।
फ्लैग मार्च किला गेट से प्रारंभ होकर छोटा चौक, बड़ा चौक, सोमवारिया, बिलाल मस्जिद गली, लालूपुरा, कुम्हारवाड़ा, मगरिया, नाग-नागिनी रोड, पोस्ट ऑफिस चौराहा, नूर मंडी, कमरदीपुरा, चौकदारवाड़ी, गाडरीपुरा, दायरा, लकड़शाह, मीरकला एवं पिंजारवाड़ी क्षेत्र से होते हुए पुनः किला गेट पर समाप्त हुआ।
मार्च के दौरान पुलिस बल ने संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण कर नागरिकों को शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। साथ ही लोगों से मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अजय मिश्रा, कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला, लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे, महिला थाना प्रभारी आशा सोलंकी, अजाक थाना प्रभारी रामचंद्र नागर, मक्सी थाना प्रभारी संजय वर्मा, बेरछा थाना प्रभारी भरत सिंह किरार, सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती सहित विभिन्न पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय ने नागरिकों से अपील की कि त्योहारों के दौरान शांति एवं भाईचारे की परंपरा को बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।