देवास। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में जनकल्याण शिविरों के माध्यम से पात्र एवं वंचित नागरिकों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पंचायत देवास की ग्राम पंचायत खटाम्बा में आयोजित शिविर में मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन पहुंचे।
मुख्य सचिव ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति जानी और उनकी समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, सीईओ जिला पंचायत ज्योति शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में जिले के पर्यटन स्थलों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया गया तथा मेधावी विद्यार्थियों के लिए नीट-जेईई स्पॉन्सरशिप योजना का शुभारंभ किया गया। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को निरूशुल्क अध्ययन सामग्री, डिजिटल कोचिंग और करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
साथ ही संबल, आयुष्मान, लाड़ली लक्ष्मी और पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन भी प्राप्त किए गए।