नीमच। आस्था, दृढ़ संकल्प और अटूट इच्छाशक्ति का अद्भुत परिचय देते हुए पंजाब के युवा राघव इन दिनों देशभर की धार्मिक यात्रा पर पैदल निकले हुए हैं। राघव भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर को नमन करने के उद्देश्य से चार धाम और बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन हेतु लगभग 17 हजार किलोमीटर की लंबी पदयात्रा कर रहे हैं।
अपनी इस ऐतिहासिक यात्रा के दौरान जब राघव मध्यप्रदेश के नीमच जिले पहुंचे तो उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। शहर के प्रख्यात समाजसेवी अशोक अरोरा (गंगानगर) ने अपनी टीम एवं स्थानीय नागरिकों के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर अशोक अरोरा ने राघव के साहस, समर्पण और धार्मिक आस्था की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनकी सफल एवं सुरक्षित यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
राघव से मिलने और उनके इस प्रेरणादायी संकल्प को जानने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि वे देश के चारों धामों और बारह ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए पैदल यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों में लोगों का स्नेह, सहयोग और उत्साहवर्धन उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहा है।
राघव ने नीमचवासियों एवं समाजसेवी अशोक अरोरा द्वारा दिए गए सम्मान और आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रेम और समर्थन उनकी यात्रा को और अधिक ऊर्जा प्रदान करता है।