नीमच। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को लायन डेन, नीमच में जिले का मुख्य सामूहिक योग कार्यक्रम राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर के मुख्य आतिथ्य में उत्साह, अनुशासन एवं जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रही।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, विभिन्न योग संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया। उपस्थित जनों ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुना तथा योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प दोहराया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो आज संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ समाज एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अरुण सोलंकी ने किया। अंत में जिला शिक्षा अधिकारी सुजानमल मगरिया ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
योग, अनुशासन और जनसहभागिता से सराबोर इस आयोजन ने ष्एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्यष् के संदेश को साकार करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।