नरसिंहपुर। कलेक्टर ऋजु बाफना ने समय सीमा की बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण की विभागवार विस्तार से समीक्षा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को की। उन्होंने बैठक की शुरूआत में सभी जिला अधिकारियों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 21 जुलाई के जिले के प्रवास के दौरान गाडरवारा में आयोजित विकास पर्व कार्यक्रम के सफलतम आयोजन के लिए बधाई दी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ दलिप कुमार, अपर कलेक्टर अंजली शाह, समस्त एसडीएम एवं अन्य जिलाधिकारी मौजूद थे।
मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाये-
कलेक्टर बाफना ने आगामी विधानसभा निर्वाचन- 2023 की तैयारियों के परिप्रेक्ष्य में संबंधित एसडीएम को स्वीप गतिविधियों के माध्यम से मतदाता जागरूकता पर विशेष ध्यान देने कहा। इसका उद्देश्य मतदान प्रतिशत को बढ़ाना है। युवा मतदाताओं को जोड़ने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में विशेष अभियान चलाया जाये। मतदाता सूची पूर्णतरू त्रुटि रहित हो, इसके लिए बीएलओ डोर टू डोर सर्वे करें। मतदाता सूची से मृत व्यक्ति का नाम काटा जाये। बीएलओ के माध्यम से मतदाता सूची का वाचन भी संबंधित क्षेत्र में सुनिश्चित करवायें। निर्वाचन कार्य से जुड़े सेक्टर अधिकारी निर्वाचन आयोग के निर्देशों का भली- भांति अध्ययन कर लें।
राशन वितरण के कार्य में नहीं हो कोई लापरवाही-
बैठक में कलेक्टर ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से राशन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हो। दुकानें नियमित रूप से संचालित हों। उक्त कार्य में लापरवाही करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये। लाड़ली बहना योजना में अब 21 वर्ष से 23 वर्ष तक की विवाहित पात्र महिलाओं के पंजीयन का कार्य त्वरित गति से किया जाये। प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी एवं ग्रामीण के अंतर्गत दी जाने वाली किश्तें समय पर जारी हो। साथ ही बरसात के दौरान नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नालियों की साफ-सफाई करवाने एवं बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाईयों का छिड़काव सुनिश्चित करने कहा। बैठक में कलेक्टर बाफना ने संबंधित अधिकारियो को मूंग खरीदी भुगतान, स्वीकृति पत्रक समय पर जारी करने निर्देशित किया। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन अधिकारियों द्वारा जून माह में अनिराकृत शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है, उन शिकायतों की पैनाल्टी राशि रेडक्रास में जमा करवायेंगे।
स्वसहायता समूह की महिलाओं का मछली पालन के लिए विभागीय प्रशिक्षण-
बैठक में सहायक संचालक मत्स्य पालन विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में स्वसहायता समूह की 38 महिलाओं को मछली पालन के लिए 7 दिवसीय विभागीय प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 50 अन्य महिलाओे का प्रशिक्षण 3 अगस्त से प्रारंभ होने वाला है। इसके अलावा 42 महिलाओं को चिन्हांकित कर खेत तालाब योजना में प्रशिक्षण दिया जाना प्रस्तावित है। संत शिरोमणी रविदास जी महाराज की समरसता यात्रा दो अगस्त को छिंदवाड़ा जिले के हर्रई विकासखंड से होते हुए जिले के नरसिंहपुर विकासखंड के ग्राम भैंसा सायं 5 बजे पहुंचेगी। यह यात्रा 5 अगस्त को गोटेगांव विकासखंड के ग्राम बगासपुर में संपन्न होगी। समरसता यात्रा के समुचित संचालन और विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारी को सौंपे गये दायित्व का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में कलेक्टर बाफना ने कहा कि मानसून के प्रारंभ के साथ ही मच्छरों के पनपने से डेंगू एवं अन्य वैक्टीरिया जनित रोग बढ़ने की परिस्थितियां निर्मित हो जाती हैं। मच्छर जन्य रोग डेंगू एवं चिकुनगुनिया के प्रति लोगों में जागरूकता लाने के लिए व्यापक प्रचार- प्रसार कर इनकी रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय भी बताये जायें। उक्त आशय के निर्देश उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिये।