नीमच। जिले के सभी विभागों के पेंशनर बुधवार को नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार के आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने सभी पेंशनरों को महंगाई राहत प्रदान करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन के माध्यम से पेंशनरों ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के करीब 5 लाख पेंशनरों की महंगाई राहत राशि इस लिए रोक रखी है। क्योंकि छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सरकार द्वारा राज्य पुनर्गठन आयोग की धारा 49(6) के तहत आपसी सहमति प्रदान नहीं की है। जो कि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकार की हठधर्मिता है।
मध्य प्रदेश के पेंशनरों को केंद्र और राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों की तुलना में 9 प्रतिशत राशि कम मिल रही है। पेंशनरों का कहना है कि यदि 1 सप्ताह के अंदर केंद्र सरकार और मध्य प्रदेश सरकार के कर्मचारियों के बराबर महंगाई राहत प्रदान करने का आदेश जारी नहीं किया जाता है तो वह आगे प्रदेश भर में उग्र आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्थानों से आए विभिन्न पेंशनर संगठनों के पदाधिकारी सदस्यगण आम पेंशनर उपस्थित रहे।