गरोठ। ग्राम बोलिया में रविवार सुबह श्मशान घाट के समीप नदी में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान बाली बाई पत्नी उदयराम प्रजापति (80 वर्ष), निवासी बोलिया के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने नदी में शव तैरता देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल से महिला की चप्पल और लाठी भी बरामद हुई है।
सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गरोठ अस्पताल भेजा गया।
पुलिस फिलहाल मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।