नीमच। जिले में 13 दिनों से बारिश का दौर थमा हुआ है। बारिश की लंबी खेंच से किसान भी चिंतित दिखाई दे रहे हैं। वहीं नागरिकों को भी तेज उमस व गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आज शुक्रवार को भी आसमान में कुछ-कुछ अंतराल में बादलों की जमावट देखी गई। एमपी के अन्य जिलों में भी फिलहाल बारिश का दौर थमा हुआ है। लेकिन गुरूवार को जरूर गुजरात के ऊपर चक्रवाती हवाओं का घेरा बनने से एमपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी 15 अगस्त के बाद फिर से प्रदेश में बारिश होने की संभावना जताई है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया गुजरात के ऊपर चक्रवाती हवाओं का घेरा बनने से मध्यप्रदेश के मालवा-निमाड़ यानी, इंदौर-उज्जैन में भी असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को खरगोन, धार और उज्जैन में हल्की बारिश हुई। ऐसा ही मौसम शुक्रवार को भी रहने का अनुमान है। दोनों संभाग के इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बड़वानी समेत 15 जिलों में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। प्रदेश के रतलाम, मंदसौर व नीमच सहित बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क यानी साफ रहेगा। कहीं भी तेज बारिश होने का अनुमान नहीं है। अगले 24 घंटे में कहीं भी तेज बारिश होने का अनुमान नहीं है। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी जरूर हो सकती है। भोपाल में बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी भी हो सकती है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन में भी ऐसा ही मौसम रहेगा।