मुरैना। कायाकल्प की टीम ने रविवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम के सदस्य सुबह जिला अस्पताल पहुंच गए। पहले उन्होंने पुराने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया तथा उसके बाद नए जिला अस्पताल की बिल्डिंग में गए। वह उन्होंने हर विभाग में जाकर कर्मचारी से बात की तथा लेबर रूम से लेकर ऑपरेशन थिएटर तक का बारीकी से निरीक्षण किया।
बता दें कि, कायाकल्प की टीम के आने की खबर अस्पताल प्रबंधन को पहले ही लग गई थी। रविवार को जिला अस्पताल सुबह से ही साफ सफाई के बाद चमकता नजर आया। हर कर्मचारी अपनी जगह पर अपनी यूनिफॉर्म में पदस्थ था।
टीम के सदस्यों को अस्पताल के आरएमओ डॉ सुरेंद्र गुर्जर ने विजिट कराई। वह सबसे पहले टीम के सदस्यों को जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में मौजूद आईसीयू, व बच्चों के वार्ड में ले गए। उसके बाद इमरजेंसी वह मेडिकल वार्ड सर्जन वार्ड सहित अन्य वार्डाे का निरीक्षण कराया। नई बिल्डिंग में मौजूद लेबर रूम में ले गए, वहां से बगल में मौजूद ऑपरेशन थिएटर में ले गए। उसके बाद अस्पताल के सभी विभागों में एक-एक करके बारीकी से विजिट कराया।
इस मौके पर मौजूद अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ जीएस तोमर ने अस्पताल में मौजूद स्टाफ, उपकरण, मशीनों तथा दवाइयों के स्टॉक की जानकारी दी। स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद सिविल सर्जन कायाकल्प की टीम के साथ मौजूद रहे, हालांकि वे थोड़ी देर बाद पहुंचे थे।