कसरावद। मध्य प्रदेश पाटीदार समाज के तीनों संगठन (मुख्य,युवा एवं महिला) की प्रांतीय महासभा का आयोजन किया। खरगोन जिले के कसरावद नगर के गजानंद रिसोर्ट में प्रातः 9 बजे प्रारम्भ होकर सायं 5 बजे स्नेहभोज के साथ समाज के जिलाध्यक्ष उमेश मोदी पाटीदार बालसमुद,महिला ज़िलाध्यक्ष दुर्गा बेन महेश्वर,युवा जिलाध्यक्ष मैतुल पाटीदार कवड़िया की अध्यक्षता और मुख्य संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष कृष्णकान्त पाटीदार, तिरला धार,महिला संगठन की प्रांतीय अध्यक्ष केतल बेन पाटीदार, शाजापुर, सरदार पटेल युवा संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष जीवन पाटीदार मंदसौर, प्रांतीय उपाध्यक्ष गुलाबचंद पाटीदार, मोगावा के आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। महासभा में सामाजिक चिंतन में सदस्यता अभियान, सामूहिक विवाह, समाज मे व्याप्त कुरीतियों को समाप्त कैसे करना पर मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष कृष्णकांत पाटीदार ने बताया कि मुख्य बिंदु में राजनीतिक पार्टियों द्वारा पाटीदार समाज को किस स्तर तक महत्व दिया जाता है या भविष्य में कौन सी पार्टी द्वारा कितना महत्व दिया जाएगा, पर विशेष चर्चा की जाकर आगामी रणनीति तैयार की गई। सर्वसम्मति से एकजुटता के साथ निर्णय लिया गया कि म प्र में जो भी राष्ट्रीय राजनीतिक दल आगामी विधानसभा निर्वाचन में पाटीदार समाज को सहभागी बनाएगा, उसके साथ पूरा मध्य प्रदेश पाटीदार समाज भी वैसा ही सहयोग करेगा। राजनीतिक दृष्टिकोण से पाटीदार समाज के प्रत्याशियों को समाज के बाहुल्य क्षेत्र में संख्या अनुपात में, योग्य एवं सम्मानजनक अवसर मिलना ही चाहिए पाटीदार समाज प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों पर परिणाम बदलने में सक्षम है अन्यथा जो दल समाज की अनदेखी करेगा समाज भी उस दल को उसकी भाषा मे ही जवाब देगा। एकतरफा समाज की अवहेलना होने पर समाज प्रदेश में अन्य दिशा में जाने पर भी विचार कर सकता है। बैठक में म प्र के तीनो संगठन के सभी पूर्व प्रांताध्यक्ष, 22 जिलों के जिलाध्यक्ष, समाजजन एवम वरिष्ठ समाजसेवीयो ने भाग लेकर मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन कसरावद तहसील अध्यक्ष प्रकाश पाटीदार साटकुर एवं आभार जिला महामंत्री नरेंद्र पाटीदार बिठेर द्वारा किया गया।