नीमच। समूचे एमपी में एक बार फिर मानसून एक्टिव हो गया है। मानसून के सक्रिय होते ही कई जिलों में हल्की तो कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। नीमच जिले में 25 दिनों की लंबी खेंच के बाद बारिश हुई। इस बारिश ने किसानों को राहत दी। वहीं नागरिकों को भी तेज उमस व गर्मी से निजात दिलाई। जिले में चालू वर्षा काल में अब तक 20.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी साइक्लोनिक सर्कुलेशन पश्चिम-उत्तर हिस्से में है। इसकी वजह से 24 घंटे में कई जिलों में मध्यम से भारी और हल्की बारिश हुई। आज मंगलवार को यह सिस्टम उत्तर से आगे बढ़कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पहुंचेगा। इससे ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में अगले दो-तीन दिन तक मध्यम से भारी बारिश जारी रहेगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर सहित प्रदेश के बाकी जिलों में धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। आज एमपी के ग्वालियर, सागर सहित 25 जिलों में तेज बारिश का अनुमान है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी बारिश-
प्रदेश के ग्वालियर, शिवपुरी, भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां, सतना, अनूपपुर, डिंडोरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, सीहोर, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना व अशोकनगर में तेज बारिश होने की संभावना है। वहीं भोपाल, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, देवास, सिंगरौली, सीधी, रीवा, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा में हल्की वर्षा का अनुमान है। इनके अलावा अन्य जिलों में आज धूप-छांव वाला मौसम रहेगा।