खरगोन। पैक्स कर्मचारियों को सेवा नियम में वर्णित सुविधाओं का लाभ दिए जाने की मांग को लेकर 16 अगस्त से चल रही सहकारिता कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। जिले की 128 सोसायटियों के कर्मचारी टैगोर पार्क में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को प्रदर्शन के दौरान सहकारिता उपायुक्त अमरीश वैध पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने उन्हें अपनी लंबित मांगों को पूरी करने का मांग पत्र सौंपा।
मध्यप्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ के आव्हान पर हड़ताल कर रहे पैक्स संस्थाओं के कर्मचारियों ने बताया कि लगातार आंदोलन कर शासन को अवगत करवाते आ रहे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही।
जबकि किसानों को ऋण, खाद के साथ ही गरीब परिवारों को सस्ता अनाज वितरण, बचत बैंक सेवा जैसे जनहितैषी योजनाओं को जमीनी स्तर पर पहुंचाने का काम कर रहे हैं। मप्र शासन और सीसीबी बैंक दोनों हमारे साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। इस दौरान कैडर भर्ती प्रक्रिया में 60 प्रतिशत सोसायटी कर्मचारियों को पदोन्नत किया जाए, सेवा नियमित अनुसार भविष्य निधि व ग्रेज्युटी की सुविधा दी जाए, शासकीय कर्मचारी की भांति महंगाई भत्ता दिया जाए आदि मांगें की गई।