विदिशा। स्कूल शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण योजना के अन्तर्गत जिले के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूलों में अध्ययनरत कक्षा 12वीं के एक बालक व एक बालिका को सर्वाधिक अंक लाने पर निःशुल्क स्कूटी, आईसीई स्कूटी वाहनों का वितरण समारोह बुधवार 23 अगस्त की पूर्वान्ह 11 बजे से जिला स्तरीय कार्यक्रम रविन्द्रनाथ टैगोर, सांस्कृतिक भवन सिविल लाइन विदिशा में आयोजित किया गया है।
कलेक्टर उमाशंकर भार्गव के द्वारा दिए गए निर्देशो का हवाला देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी जीपी राठी ने बताया कि निःशुल्क इस योजना के तहत जिले के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूलों के कुल 158 बालक बालिकाओं को निःशुल्क स्कूटी, आईसीई स्कूटी वाहनों का वितरण जनप्रतिनिधियों के द्वारा किया जाएगा।
गौरतलब हो कि ऐसे विद्यार्थी जो जिला मुख्यालय पर निवास नहीं करते है अर्थात खण्ड मुख्यालयों पर निवासरत है उन विद्यार्थियों को भी वाहन जिला मुख्यालय पर प्रदाय किए जाएंगे जबकि प्रदाय वाहन को सुरक्षित रूप से विकासखण्ड मुख्यालय तक परिवहन कराने की जबावदेंही संबंधित ऐजेन्सी की होगी। विकासखण्ड मुख्यालय तक का परिवहन व्यय स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से भुगतान किया जाएगा।