मंदसौर। आयुक्त निःशक्तजन मध्यप्रदेश संदीप रजक की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत एडवोकेसी बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उन्होंने सभी विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यालय में दिव्यांगता के प्रकार की सूची चस्पा करें। जिले में कोई भी दिव्यांग न छूटे। इसकी हम सभी को चिंता करनी चाहिए। जिले में 13 हजार 258 दिव्यांग व्यक्तियों को 600 रुपए प्रति माह पेंशन मिल रही है। कोई भी दिव्यांग व्यक्ति न छूटे इसके लिए प्लान तैयार करें। कैंप आयोजित करें तथा कैंप में सभी विभाग सहयोग करें। डीडीआरसी कार्यालय में किया जा रहे फिजियोथैरेपी कार्य की आयुक्त ने बहुत-बहुत प्रशंसा की। अगर डीआरसी में सामग्री कमी है तो उसकी सूची बनाकर भेजें। डीडीआरसी को हमें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके साथ ही डीडीआरसी में कितने दिव्यांग व्यक्ति आते हैं। कितने ठीक होते हैं। इसकी मासिक रिपोर्ट भी भेजी जाए। पुराने एवं नए सभी भवन को बाधारहित बनाए। चुनाव के दौरान भी दिव्यांग व्यक्तियों को आइकॉन बनाएं। बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत कुमार सत्यम, प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग स्वाति तिवारी सहित अन्य सभी अधिकारी, कर्मचारी मौजूद थे।