रतलाम। मध्यप्रदेश शासन द्वारा मंडी शुल्क में की गई वृद्धि के विरोध में मंगलवार को रतलाम कृषि उपज मंडी बंद रही। अनाज, दलहन एवं तिलहन व्यापारी महासंघ के प्रदेशव्यापी आव्हान पर सभी व्यापारी संगठनों ने एक दिवसीय बंद को पूर्ण समर्थन दिया। इसके चलते मंडी में नीलामी एवं खरीदी का कार्य पूरी तरह बंद रहा।
बंद के दौरान सभी व्यापारी मंडी प्रांगण में एकत्रित हुए। नारेबाजी कर सीएम के नाम ज्ञापन मंडी भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम तरुण जैन को सौंपा।
व्यापारियों के साथ किसान कांग्रेस नेताओं ने बंद का समर्थन कर मंडी गेट के बाहर नारेबाजी की। किसान नेता डीपी धाकड़ ने कहा कि भाजपा सरकार व्यापारियों से लेकर किसानों पर अन्याय कर रही है। मंडी शुल्क बड़ा कर सभी पर आर्थिक भार डाल रही है। जिसे सहन नहीं किया जाएगा।अलग से ज्ञापन एसडीएम जैन को सौंपा। मंडी गेट के बाहर प्रदर्शन में किसान नेता व जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़, किसान नेता राजेश पुरोहित आदि मौजूद रहे।
हमारी सरकार फिर भी परेशान
दि ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र चत्तर ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा मंडी शुल्क को 1 प्रतिशत से बढ़ाकर 1.5 प्रतिशत कर दिया गया है। इस 0.5 प्रतिशत वृद्धि से व्यापारियों एवं किसानों दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। हमारी सरकार है। फिर भी हमें आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग सदैव भाजपा का समर्थक रहा है और सरकार को व्यापारियों एवं किसानों की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।
व्यापारियों ने मंडी बोर्ड के अधिकारियों पर आंदोलन को कमजोर करने के प्रयास का आरोप भी लगाया। व्यापारियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को गुमराह कर व्यापारियों, किसानों एवं आम नागरिकों पर यह अन्यायपूर्ण निर्णय थोपा गया है। अध्यक्ष सुरेंद्र चत्तर ने सीएम डॉ. मोहन यादव तथा एमएसएमई मंत्री चेतन्य काश्यप समेत सभी जनप्रतिनिधियों से मंडी शुल्क वृद्धि का निर्णय तत्काल वापस लेने की मांग की। ज्ञापन का वाचन दिलीप मेहता द्वारा किया गया।
यह रहे मौजूद
इस अवसर पर दि ग्रेन एंड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन अध्यक्ष सुरेंद्र चत्तर एवं सचिव हितेश मेहता, रतलाम मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश लाठी एवं सचिव हितेश बाफना, मंडी व्यापारी युवा संघ के अध्यक्ष दिलीप मेहता एवं सचिव धर्मेंद्र माहेश्वरी, संघर्षशील लहसुन प्याज मंडी युवा व्यापारी संघ अध्यक्ष नीलेश बाफना एवं सचिव प्रकाश जाधव, श्री रत्नपुरी लहसुन प्याज मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष रितेश बाफना एवं सचिव पंकज अग्रवाल समेत कांतिलाल चौपड़ा, अभय सेठिया, वर्धमान बरड़िया, डॉ. बीएल मेहता आदि मौजूद रहे।