प्रतापगढ़। ग्राम पंचायत बरड़िया समिति धमोत्तर में मंगलवार को ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए।
विकास अधिकारी राकेश कुमार निनामा ने पंचायती राज विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए विकसित भारत एवं हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने, जल-जंगल-जमीन संरक्षण तथा जैविक खेती और बागवानी को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही आदि कर्मयोगी अभियान के तहत महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की योजनाओं की भी जानकारी दी।
शिविर में स्वामित्व योजना के अंतर्गत 4 लाभार्थियों को पट्टे तथा 1 हितग्राही को जन्म प्रमाण-पत्र वितरित किया गया। पट्टे प्राप्त कर लाभार्थियों ने खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम में प्रशासक कमला मीणा, नायब तहसीलदार संदीप कुमार मेघवाल, ग्राम विकास अधिकारी सुरेश गायरी, पटवारी अर्पित मीणा सहित 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान भी किया।