चित्तौड़गढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गांधीनगर सेक्टर-1 स्थित महावीर पार्क में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं, युवतियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्माकुमारी अंकिता दीदी ने योग के महत्व और पतंजलि के योग सूत्रों की सरल व्याख्या के साथ की। उन्होंने दैनिक जीवन में योग को अपनाने का संदेश दिया। योग प्रशिक्षिका पद्मा दशोरा ने विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग से हिस्सा लिया।
विभाग कार्यवाहिका विमला सेठिया ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य मातृशक्ति को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान प्रांत सह बौद्धिक प्रमुख डॉ. सुशीला लड्ढा, जिला कार्यवाहिका सीमा मेहता, सह जिला कार्यवाहिका रश्मि भटनागर, तुलसी काकड़दा, अवनी नारानीवाल, सुधा जागेटिया सहित बड़ी संख्या में सेविकाएं और नगर की विभिन्न समाजों की महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के समापन पर बीके कविता दीदी ने सभी को ध्यान का अभ्यास कराया।