दतिया। ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए एक किसान को साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से बड़ी राहत मिली। हार्वेस्टर चालक उपलब्ध कराने के नाम पर ठगे गए 90 हजार रुपए पुलिस ने रिकवर कर किसान को वापस दिलाए। राशि मिलने के बाद किसान ने पुलिस अधिकारियों का सम्मान कर उनका आभार जताया।
सरसई थाना क्षेत्र निवासी किसान हरीराम निरंजन को खेती के लिए हार्वेस्टर चालक की जरूरत थी। इंटरनेट पर तलाश के दौरान उनका संपर्क एक व्यक्ति से हुआ, जिसने खुद को चालक उपलब्ध कराने वाला बताकर भरोसे में लिया। आरोपी ने अलग-अलग कारण बताते हुए कई बार ऑनलाइन भुगतान करवाया। किसान ने अलग-अलग किस्तों में कुल 90 हजार रुपए उसके खाते में जमा करा दिए, लेकिन न तो चालक उपलब्ध कराया गया और न ही रकम वापस की गई।
ठगी का एहसास होने पर हरीराम निरंजन ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर टीम ने बैंक खातों, लेनदेन और तकनीकी तथ्यों की जांच शुरू की। विभिन्न एजेंसियों और बैंकों के सहयोग से लगातार प्रयास करते हुए साइबर सेल ने पूरी 90 हजार रुपए की राशि रिकवर कर किसान को वापस दिला दी।
राशि वापस मिलने के बाद मंगलवार को किसान पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल का सम्मान कर साइबर सेल की तत्परता एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।