जावद। नीमच-सिंगोली मार्ग की बदहाली, अधूरे निर्माण कार्यों और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर मंगलवार को वरिष्ठ किसान नेता राजकुमार अहीर के नेतृत्व में ग्रामीणों और किसानों ने प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब 85 किलोमीटर लंबे नीमच-सिंगोली मार्ग का निर्माण कार्य स्वीकृति के बावजूद बेहद धीमी गति से चल रहा है। सड़क पर गड्ढों और गिट्टियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। साथ ही मोरवन पुलिया सहित कई निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि नीमच से डीकेन तक निर्माण कार्य और डीकेन से सिंगोली मार्ग का डामरीकरण 15 दिनों के भीतर पूरा कराया जाए। चेतावनी दी गई कि समय पर कार्य नहीं होने पर क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करेंगे।