मंदसौर। आयुक्त निःशक्तजन मध्य प्रदेश संदीप रजक ने मंदसौर जिला नेहरू बस स्टैंड एवं दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का निरिक्षण किया। बस स्टैंड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस ऑपरेटर से कहा कि सभी बसों में दिव्यांगों को किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिले इसका विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही सभी बसों में दिव्यांगों के लिए पांच सीट रिजर्व रहे। उन सीटों पर दिव्यांग रिजर्व सीट होने के संबंध में लिखवाया भी जाए। इसके लिए आरटीओ इन सभी बातों का पालन करवाना सुनिश्चित करें। बस स्टैंड पर दिव्यांगों के आने-जाने के लिए रैंप का निर्माण हो। दिव्यांग व्यक्तियों के लिए हर जगह फ्रेंडली माहौल होना चाहिए। दिव्यांग पुनर्वास केंद्र निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सभी दिव्यांग व्यक्तियों को पुनर्वास केंद्र से ही सामग्री बनाकर वितरित करें। अगर सामग्री की कोई कमी हो तो उसकी सूची बनाकर भेजें। जिससे उचित सामग्री भारत सरकार से प्राप्त की जा सके। सीएसआर फंड के माध्यम से भी पर्याप्त सामग्री प्रदान की जाएगी। ऑडियो मीटिंग रूम साउंड प्रूफ बनाएं। इसका विशेष तौर पर ध्यान रखें। बिल्डिंग निर्माण के दौरान इस बात का ध्यान नहीं रखा गया है। इस दौरान आयुक्त ने नेत्रदान पखवाड़े का भी शुभारंभ किया। यह पखवाड़ा सक्षम इकाई के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। जो की 25 अगस्त से 8 सितंबर तक चलेगा। निरीक्षण के दौरान प्रभारी उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग स्वाति तिवारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, सक्षम इकाई के सदस्य, सचिव मौजूद थे।