ग्वालियर। विधानसभा निर्वाचन-2023 निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो, इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। संभागीय आयुक्त दीपक सिंह की अध्यक्षता में ग्वालियर-चंबल संभाग अंतर्गत जिलों के सीमावर्ती राज्यों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की गूगल मीट से आयोजित समीक्षा बैठक में यह बात कही गई।
ग्वालियर कलेक्ट्रेट कार्यालय के एनआईसी कक्ष से संभागीय आयुक्त दीपक सिंह एवं एडीजीपी डी श्रीनिवास वर्मा ने निर्वाचन के संबंध में विस्तार से चर्चा की। बैठक में चंबल आईजी सुशांत सक्सेना, कानपुर, झाँसी एवं आगरा जोन के प्रशासनिक एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक इटावा, उरई, जालौन, ललितपुर, झांसी एवं आगरा के साथ ही ग्वालियर-चंबल संभाग के जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सीमावर्ती राज्यों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई है ताकि निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दृष्टिगत शांति और निष्पक्ष निर्वाचन के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएँ। निर्वाचन के दौरान सीमा की बॉर्डर पर संयुक्त चौक प्वॉइंट भी बनाए जाएँ। इन चौक प्वॉइंटों पर सीसीटीव्ही कैमरे भी स्थापित हों। संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने यह भी अपेक्षा की कि सभी अधिकारी अपने-अपने नम्बर एक दूसरे को शेयर कर लें ताकि समन्वय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी जिलों का कम्युनिकेशन प्लान भी समय रहते तैयार कर लिया जाए।
एडीजीपी डी श्रीनिवास वर्मा ने बैठक में कहा कि मध्यप्रदेश एवं मध्यप्रदेश की सीमा से लगे हुए अन्य राज्यों में भी निर्वाचन के दृष्टिगत स्थायी वारंटियों की सूची भी एक दूसरे को शेयर की जाए। इसके साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी समय रहते कर ली जाए। जिला बदर के आदेश भी सभी जिलों के कलेक्टर जो आवश्यक हैं उन्हें पारित करें ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार का विघ्न उत्पन्न न हो सके। अवैध हथियारों, अवैध शराब को पकड़ने के लिये भी सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जिलों में निर्वाचन के दृष्टिगत संयुक्त उड़नदस्ते भी गठित किए जाएँ।
चंबल आईजी सुशांत सक्सेना ने भी निर्वाचन के संबंध में अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि चंबल के जिलों की सीमा भी राजस्थान और उत्तरप्रदेश से लगती है। इस संबंध में जिला कलेक्टरों द्वारा भी संबंधित जिलों के कलेक्टरों के साथ समन्वय करते हुए बैठक की हैं। निर्वाचन के लिये आयुक्त द्वारा जो भी निर्देश जारी किए गए हैं उसका पालन सख्ती के साथ सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में उत्तरप्रदेश के कानपुर, झाँसी एवं आगरा जोन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आस्वस्त किया कि मध्यप्रदेश में आयोजित हो रहे विधानसभा चुनाव में उत्तरप्रदेश की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जायेगा। ग्वालियर चंबल एवं सीमावर्ती राज्यों के जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों ने भी अपने-अपने जिले के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।