नीमच। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित केंद्र व प्रदेश के कई मंत्री नीमच आ चुके हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, कैलाश विजयवर्गीय सहित कई दिग्गज नेता नीमच आ चुके हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का हेलीकॉप्टर भी हवाई पट्टी पर उतर गया है। राजनाथ के नीमच पहुंचने से पहले ही उनके दौरे में बड़ा बदलाव किया गया है। अब वे हवाई पट्टी से सीधे दशहरा मैदान पहुंचेंगे। पूर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार वे हवाई पट्टी से सीधा श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने वाले थे, लेकिन एनवक्त पर दौरे कार्यक्रम में यह संशोधन हुआ है। अब कुछ ही देर में रक्षा मंत्री सहित भाजपा के तमाम नेता नीमच के फव्वारा चौक, टैगोर मार्ग, विजय टॉकीज चौराहा, सीआरपीएफ चौराहा होते हुए श्री किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे। जहां भगवान महादेव की विशेष पूजा-अर्चना कर दर्शन लाभ लेंगे। इसके बाद नीमच के दशहरा मैदान पर आयोजित आमसभा एवं जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ समारोह में भाग लेंगे।