खरगोन। जिले के जेतापुर थानाक्षेत्र के खेड़ी खुर्द गांव की महिलाओं ने मंगलवार को जनसुनवाई में पेयजल संकट और अवैध शराब बिक्री की शिकायत की। उन्होंने कलेक्टर से गांव में पानी की समस्या हल करने और शराब बिक्री रोकने की मांग की। जनसुनवाई में कुल 98 शिकायतें प्राप्त हुईं।
महिलाओं ने बताया कि गांव के फाटे पर बाहर के तीन लोग अवैध रूप से शराब बेचते हैं। उनकी शिकायत है कि पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी शिकायत करने या फोन लगाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं करते।
शिवकन्या सांवले नाम की एक महिला ने बताया कि उन्होंने पिछले सप्ताह भी यह समस्या उठाई थी। इसके बाद शराब माफिया ने उनके बेटे शिवा को उनके खिलाफ भड़का दिया, जो अब उनसे अभद्रता करता है।
महिलाओं ने यह भी बताया कि अनुसूचित जाति बस्ती में पिछले तीन माह से पानी का गंभीर संकट है। बस्ती के ट्यूबवेल पर गांव के अन्य लोगों ने कब्जा कर लिया है। 100 रुपए जलकर देने के बावजूद भी उन्हें पानी नहीं मिल रहा है। पंचायत स्तर पर भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
प्रशासन ने इस मामले में दोबारा कार्रवाई का आश्वासन दिया है।