मंदसौर। शहर के घंटाघर क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक कपड़ा दुकान में शटर बंद करते समय करंट लगने से 17 वर्षीय किशोर इरशाद मेव की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मदारपुरा निवासी इरशाद पिता इमरान मेव (17) घंटाघर स्थित लेडी पैराडाइज नामक कपड़ा दुकान पर काम करता था।
मंगलवार रात वह रोजाना की तरह दुकान का शटर बंद कर रहा था। इसी दौरान शटर के पास खुले विद्युत तारों के संपर्क में आने से उसे जोरदार करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इरशाद को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में खुले विद्युत तारों को हादसे का कारण बताया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।