मंदसौर। जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर एकता जायसवाल ने 105 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में उपस्थित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए तथा कोई भी व्यक्ति अनावश्यक रूप से परेशान न हो। उन्होंने कहा कि नागरिकों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए।
रणायरा निवासी भगत सिंह ने भूमि का सीमांकन करवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर तहसीलदार सितामऊ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बाबरेचा निवासी सुमित्रा बाई ने पट्टा रिकॉर्ड में इंद्राज नाम दुरुस्त करवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस पर तहसीलदार मंदसौर को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
खजुरीबड़ायला निवासी मांगीलाल ने कृषि भूमि का खुलवाने के संबंध में आवेदन दिया। इस पर तहसीलदार मंदसौर को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में भूखंड प्रदाय करने, अतिक्रमण हटवाने, भूमि का नक्शा दुरुस्त करवाने, फसल नुकसान की मुआवजा राशि दिलवाने, ड्रोन सर्वे में सही नाम दर्ज करवाने, रास्ता विवाद एवं भूमि का कब्जा दिलवाने सहित विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।