नीमच। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा वाल्मी संस्था के माध्यम से नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय मास्टर वालंटियर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 17 जून से 26 जून 2026 तक “नशामुक्त भारत अभियानरू विकसित भारत की पहचान” सप्ताह के अंतर्गत किया गया। इसी क्रम में दिनांक 23.06.2026 (मंगलवार) को जिला पंचायत सभाकक्ष, नीमच में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
दीप प्रज्वलन कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ-
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के उपस्थित 150 से अधिक मास्टर वालंटियर्स को भारत को नशामुक्त बनाने हेतु प्रेरित किया।
विशेषज्ञों ने दिया नशामुक्ति पर प्रशिक्षण-
प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय प्रशिक्षक रजत नागदा, जय कुमार गुप्ता, समन्वयक वाल्मी महेंद्र सिंह यादव, अधीक्षक नारकोटिक्स विभाग नीमच, कृष्ण कुमार कारपेंटर (मनोचिकित्सक, स्वास्थ्य विभाग नीमच), शिव रघुवंशी (निरीक्षक, पुलिस विभाग नीमच), विनीत दुबे (जिला समन्वयक, सामाजिक न्याय विभाग नीमच), सुनील तिवारी (प्रोजेक्ट डायरेक्टर) एवं जीवन तिवारी (मनोवैज्ञानिक, नशामुक्ति केंद्र नीमच) द्वारा नशामुक्ति से संबंधित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
नशा रोकथाम एवं जागरूकता पर दिया गया जोर-
वरिष्ठ अधिकारियों एवं विषय-विशेषज्ञों द्वारा मास्टर वालंटियर्स को नशे की रोकथाम, सघन प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक चेतना जागृत करने हेतु विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
युवाओं को नशे से बचाने की आवश्यकता पर बल-
नवागत डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक, सामाजिक न्याय विभाग नीमच श्रुति भयडिया ने कहा कि अधिकांश युवा गलत संगत के कारण नशे की गिरफ्त में आते हैं। नशे की शुरुआत अक्सर मित्रों के माध्यम से होती है, इसलिए किशोर एवं युवावस्था में विशेष सतर्कता एवं मार्गदर्शन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है, अतः समाज में निरंतर जागरूकता अभियान आवश्यक है, जिसमें मास्टर वालंटियर्स की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
आध्यात्मिक संगठनों ने दिलाया नशामुक्ति का संकल्प-
कार्यक्रम में अखिल विश्व गायत्री परिवार नीमच के प्रतिनिधि गिरिराज सिंह चौहान तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्था की दीदी बी.के. श्रुति बहन एवं बी.के. सविता बहन द्वारा आध्यात्मिक, नैतिक एवं सामाजिक मूल्यों के माध्यम से नशामुक्ति का संकल्प दिलाया गया। साथ ही एल्कोहॉलिक एनोनिमस के प्रतिनिधियों द्वारा समूह प्रेरणा से नशा छोड़ने के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण प्राप्त वालंटियर्स को दिए गए प्रमाण-पत्र
सत्र के अंतिम चरण में श्रुति भयडिया द्वारा 150 से अधिक मास्टर वालंटियर्स को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। ये प्रशिक्षित वालंटियर्स अब जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति अभियान के तहत कार्य करेंगे।कार्यक्रम के सफल समापन पर विभाग के विनीत दुबे द्वारा सभी अतिथियों, विशेषज्ञों, संस्थाओं एवं वालंटियर्स के प्रति आभार व्यक्त किया गया।