नीमच। प्रदेश में दो सप्ताह की लंबी खेंच के बाद बारिश का ब्रेक खत्म हो गया है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। नीमच जिले में भी इस बार मानसून की बैरूखी से फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। बारिश के अभाव में खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई है। नया सिस्टम एक्टिव होने के बाद भी अभी तक नीमच व आसपास के क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई है। नीमच जिले में चालू वर्षा काल में अब तक महज 20.9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि तक 41 इंच से अधिक वर्षा हो चुकी थी।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश में बारिश का ब्रेक खत्म हो गया है। अगले तीन दिन तेज बारिश के आसार हैं। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी से साइक्लोनिक सर्कुेलेशन एक्टिव है। इससे लो प्रेशर एरिया एक्टिव हो गया है। मानसून ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश होने का अनुमान है। यह सिस्टम 18 से 19 सितंबर तक एक्टिव रह सकते हैं। आगामी 24 घंटे के लिए प्रदेश के 12 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश का अनुमान है।
आगामी 24 घंटे में यहां होगी झमाझम-
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में प्रदेश के डिंडोरी और बालाघाट जिले में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां 2.5 से 6 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं जबलपुर, सागर, रीवा सहित प्रदेश के 12 जिलों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो सकती है। भोपाल में भी बारिश होगी। इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन में बादल छाए रहेंगे। जबकि रतलाम, मंदसौर व नीमच में तेज धूप वाला मौसम रहेगा। इन जिलों में आगामी 48 घंटे बाद मौसम बदलने का अनुमान है।