शाजापुर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अन्तर्गत आज रैल द्वारा श्री काशी (वाराणसी) धाम तीर्थ दर्शन के लिए शाजापुर जिले के 200 बुजुर्ग तीर्थ यात्री रैल द्वारा रवाना हुए। कलेक्टर किशोर कन्याल एवं अम्बाराम कराड़ा तथा जनप्रतिनिधियों ने तीर्थ यात्रियों का पुष्पमाला पहनाकर किया सम्मान किया। साथ ही उपस्थित अतिथियों ने फीता काटकर तीर्थ यात्रियों को रैल में बैठाया। इस दौरान तीर्थ यात्रा को जाने वाले बुजुर्ग यात्रा को लेकर बहुत खुश थे, उनके चेहरे पर खुशी की एक अलग ही आभा झलक रही थी। साथ ही सभी तीर्थ यात्रियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं कलेक्टर कन्याल को हृदय से धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर कन्याल ने सभी बुजुर्गों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी खुशी-खुशी एवं मस्ती के साथ यात्रा का भरपूर आनंद लेते हुए जायें तथा उन्होंने सभी बुजुर्गों से जिले की उन्नति, प्रगति एवं खुशहाली की कामना करने के लिए कहा।
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर एवं नगरपालिका प्रभारी सीएमओ महेन्द्र प्रताप सिंह किरार, डिप्टी कलेक्टर मनीषा वास्कले सहित पार्षदगण, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक तथा बुजुर्गों के परिवारजन मौजूद थे।