शाजापुर। विकास की मुख्य धारा से पिछड़े हुए विमुक्त समुदाय के व्यक्तियों को म.प्र. शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किये जाने के लिए शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर किशोर कन्याल द्वारा दिये गये निर्देश के परिपालन में ग्राम पंचायत जलौदा के ग्राम रामनगर में आज शिविर का आयोजन किया गया। उक्त शिविर में प्रधानमंत्री आवास, लाडली बहना योजना, जाति प्रमाणपत्र, वृद्धावस्था पेंशन एवं समाज की अन्य समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए। उक्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजे जाने की कार्यवाही संपादित की गई। शिविर में बड़ी संख्या में विमुक्त-जाति की महिला एवं पुरूष उपस्थित रहे।
उक्त शिविर में सर्व प्रथम पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण सहायक संचालक अर्जुन कुमार मालवीय द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में लाभ दिये जाने के लिए विमुक्त जाति समुदाय के समाजजनों को अवगत कराया गया। उक्त शिविर में खाद्य विभाग, जिला अंत्यावसायी एवं उद्योग विभाग के अधिकारीगणों द्वारा उपस्थित होकर विभाग की जानकारी दी गई। साथ ही पर्यवेक्षक किरण परमार द्वारा शिविर में उपस्थित महिलाओं को विभागीय योजनाओं एवं पौष्टिक आहार के संबंध में जानकारी दी गई। उक्त शिविर में विमुक्त जाति सदस्य प्रकाश नायक आदि उपस्थित थे।
सहायक संचालक मालवीय ने जानकारी देते हुए बताया कि इसी क्रम में 14 सितम्बर को विमुक्त जाति आश्रम शाजापुर एवं 21 सितम्बर 2023 को विमुक्त जाति सामुदायिक कल्याण केन्द्र कालीसिंध में विमुक्त जाति के समाजजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रातः 11:00 बजे से शिविर का आयोजन किया जायेगा।