रतलाम। सैलाना विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद रतलाम पहुंची संगीता चारेल का रतलाम में शहर विधायक कार्यालय पर स्वागत किया गया । शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने भाजपा प्रत्याशी घोषित होने पर संगीता चारेल को बधाई दी और उनका स्वागत किया। इस अवसर पर विधायक काश्यप ने कहा कि यह हम सब कार्यकर्ताओं की जवाबदारी है कि सैलाना सीट जीते। पार्टी और संगठन ने कार्यकर्ताओं पर भरोसा करके बहन संगीता को टिकट दिया है। गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी की दूसरी सूची में सैलाना से पूर्व विधायक संगीता चारेल को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। 2013 में भाजपा को पहली बार सैलाना विधानसभा सीट पर विजय मिली थी। तब भी संगीता चारेल ही भाजपा की उम्मीदवार थी।
इस मौके पर विधायक काश्यप ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह हर्ष का विषय है कि पार्टी और संगठन ने एक बार फिर से श्रीमती चारेल पर भरोसा जताया है। आजादी के बाद पहली बार इस सीट पर भाजपा को इन्होंने जिताया था। इन्हें बीते चुनाव के बाद समर्पण भाव से लगातार सक्रिय रहने के कारण पार्टी ने फिर प्रत्याशी बनाया है। राजनीति का कभी अंत नहीं होता है। जब भी अवसर आता है तो वह मिलता है। शहर विधायक ने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि यह सीट सामान्य नहीं है। यदि यह सीट जीते तो पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय होगा और कार्यकर्ताओं की जय-जयकार होगी। हमें इसे चुनौती के रूप में लेना है और इस अवसर को सार्थक करना है। यदि विधायक आपका होगा तो किसी भी काम के लिए रास्ता निकल जाएगा। हम सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि एकजुट होकर सभी काम में जुट जाए। सैलाना विधानसभा में बीते दस वर्षों में हमारी सरकार ने जो काम कराए है, उसे जन-जन तक पहुंचाना है।