रतलाम। भारतीय जनता पार्टी की चौथी सूची में रतलाम शहर से विधायक चेतन्य काश्यप को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद रतलाम शहर में राजनीतिक गतिविधि तेज हो गई। रतलाम शहर कांग्रेस इसके बाद एक्टिव मोड में नजर आ रही है। खासबात यह भी है कि रतलाम शहर से कांग्रेस के सभी दावेदार एक साथ सामने आए हैं।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया ने बताया कि सभी कांग्रेस नेताओं ने एक साथ आकर सत्ता परिवर्तन की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है। कांग्रेस कार्यालय पर आज शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र कटारिया के साथ पारस सकलेचा, मयंक जाट, प्रकाश प्रभु राठौड़, शांतिलाल वर्मा और फैयाज मंसूरी पहुंचे और एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। कांग्रेस के सभी दावेदारों ने कहा कि कांग्रेस कल से मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के द्वारा 18 सालों में किए गए घोटालों को उजागर करने के लिए घर-घर जाकर घोटालों की बुकलेट बांटने की शुरुआत करेगे।
प्रेस से चर्चा में कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने कहा की रतलाम शहर में डबल और ट्रिपल इंजन की सरकार की नाकामियों से जनता को अवगत करवाएंगे। महापौर चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार को कड़ी टक्कर देने वाले युवा कांग्रेस नेता मयंक जाट ने भी कहा कि युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर वह शहर के उद्योगपति विधायक को घेरेगे और चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत से कांग्रेस का हर कार्यकर्ता जुटेगा । प्रकाश प्रभु राठौड़ ने कहा की 18 सालों तक शिवराज सरकार को लाडली बहन और युवाओं की याद नहीं आई। शिवराज सरकार और स्थानीय विधायक की नाकामियों को जनता के बीच लेकर जाएंगे। रतलाम शहर से कांग्रेस के दावेदार शांतिलाल वर्मा और फैयाज मंसूरी ने भी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ने की बात कही है। इस दौरान कांग्रेस नेता अनिल झालानी और कार्यवाहक शहर कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अठाना भी मौजूद रहे।