नीमच। जिला प्रशासन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान-2026 के तहत जनसहयोग से जल संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव के निर्देशन में जिले की 243 ग्राम पंचायतों में जल संरचनाओं के गहरीकरण का अभियान चलाया गया।
जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी सुशील दौराया ने बताया कि अभियान के तहत 400 तालाब, चेकडैम, स्टॉप डैम एवं अन्य जल संरचनाओं को चिन्हित किया गया, जिनमें से 352 का जनसहयोग से गहरीकरण कराया गया। इस दौरान करीब 1 लाख 10 हजार ट्रैक्टर-ट्रॉली मिट्टी निकाली गई, जिसे 7,500 से अधिक किसानों ने अपने खेतों में डालकर नए खेत तैयार किए तथा भूमि की उर्वरता बढ़ाई।
अभियान में 6,500 से अधिक ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। गहरीकरण से जल संरचनाओं की जल भंडारण क्षमता में लगभग 3.50 लाख घनमीटर की वृद्धि हुई है, जिससे वर्षा जल के अधिक संचयन में मदद मिलेगी।
अभियान के तहत जिले में 682 खेत तालाब, 1,915 डगवेल रिचार्ज, 18 अमृत सरोवर, 350 जल संचयन संरचनाएं तथा वाटरशेड परियोजनाओं के 60 कार्य भी पूर्ण किए गए हैं।
जिला प्रशासन का यह अभियान जल संरक्षण के साथ-साथ किसानों को उपजाऊ मिट्टी उपलब्ध कराने और कृषि उत्पादन बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है।