देवास। शहर के आदर्श नगर क्षेत्र में 76 वर्षीय बुजुर्ग के साथ हुई दिनदहाड़े चेन लूट की वारदात का कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरनारायण बाथम एवं सीएसपी सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी श्याम चंद्र शर्मा की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जयराज कुमरे और धनराज कुमरे, निवासी गजरा गियर्स झुग्गी-झोपड़ी, देवास को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि 24 जून को हुई इस वारदात की साजिश टिफिन पहुंचाने वाले प्रेम पंचोली ने रची थी। आरोप है कि उसने योजना बनाकर घर का गेट खुलवाया, जिसके बाद आरोपी घर में घुसकर बुजुर्ग के गले से सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पूछताछ में प्रेम पंचोली की भूमिका मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आई है। फिलहाल उसकी तलाश जारी है।
घटना के खुलासे के बाद पीड़ित बुजुर्ग एवं उनके परिजन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस के अनुसार, देवास में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत लगाए गए 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस मामले के खुलासे में भी सीसीटीवी फुटेज निर्णायक साबित हुई।