रतलाम। जिले के जावरा और आलोट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सेजावता से भूतेड़ा तक करीब तीन किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों के लिए सुरक्षित आवागमन चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत ऐसी हो गई है कि समझ नहीं आता सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।
यह मार्ग आसपास के सैकड़ों गांवों को जोड़ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, स्कूली छात्र, किसान तथा एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन इसी सड़क से गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण लोगों को रोजाना जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के समक्ष सड़क की मरम्मत की मांग रखी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका आरोप है कि विभाग द्वारा केवल औपचारिक मरम्मत कर खानापूर्ति की जाती है।
भूतेड़ा निवासी लोकेश शर्मा ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी कई बार विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।