चित्तौड़गढ़। कनेरा थाना पुलिस ने चोरी एवं नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के आभूषण एवं पोस्ता दाना बरामद किया है। साथ ही चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि कनेरा थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई चोरी एवं नकबजनी की अलग-अलग घटनाओं के संबंध में प्रार्थियों द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रकरणों में मकानों एवं गोदामों से पोस्ता दाना, डोडा पोस्ता, सोने के आभूषण एवं नकदी चोरी होने की शिकायतें दर्ज की गई थीं।
एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा शिवप्रकाश हरगन के सुपरविजन में तथा थानाधिकारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जिला स्पेशल टीम एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से जांच करते हुए संदिग्ध कमलेश कंजर एवं विनोद कंजर को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई चोरी एवं नकबजनी की वारदातें करना स्वीकार किया।
जांच में सामने आया कि अलग-अलग गैंग बनाकर आरोपियों ने ग्राम सरसी में डोडा पोस्ता, सोने के आभूषण एवं नकदी की चोरी की थी। इसके अलावा कनेरा स्थित पेट्रोल पंप के सामने गोदाम से पोस्ता दाना चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की गई। पुलिस ने चोरी का माल बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी काना उर्फ देवकिशन तेली एवं कालूलाल तेली को भी गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी-
-कमलेश कंजर, विनोद कंजर, भैरूलाल कंजर
माल खरीदने वाले आरोपी-
काना उर्फ देवकिशन तेली, कालूलाल तेली
आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।