शाजापुर। जिले के छोटे से गांव भैंसाया गढ़ा के युवा राम अहिरवार ने संघर्ष और मेहनत के दम पर अग्निवीर भर्ती में चयनित होकर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है।
राम अहिरवार ने बताया कि उनकी मां ने मजदूरी कर उन्हें पढ़ाया और हर कठिन परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि कई चुनौतियों के बावजूद परिवार ने कभी उनका साथ नहीं छोड़ा, जिसके कारण आज वे इस मुकाम तक पहुंच सके।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, त्याग और संस्कार ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। साथ ही उन्होंने अपने भाई, भाभी और मित्रों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हर कदम पर उनका सहयोग और उत्साहवर्धन किया।
राम ने कहा कि वे अपने माता-पिता के दिए संस्कारों को हमेशा याद रखेंगे और समाज व राष्ट्रहित में कार्य करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि देश सेवा के लिए वे पूरी तरह संकल्पित हैं और उनके लिए देशहित सर्वाेपरि रहेगा।
राम अहिरवार की इस उपलब्धि पर गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।